जशपुर की स्टाफ नर्स के साथ 85 हजार का साइबर फ्रॉड
जशपुर की स्टाफ नर्स का 85 हजार का साइबर फ्रॉड
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स विभा रानी वर्मा के साथ साइबर ठगों ने बड़ी धोखाधड़ी की है. उनके बैंक खाते से 85 हजार रुपये निकाल लिए गए.
विभा रानी ने बताया कि आधार-आधारित अटेंडेंस ऐप में लंबे समय से समस्या आ रही थी. इसे ठीक कराने के चक्कर में विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में 29 जनवरी को 'पीएम किसान' नाम से एक संदिग्ध APK फाइल शेयर की गई थी. सरकारी काम के दबाव और ग्रुप पर भरोसे के कारण उन्होंने इसे खोल लिया, जिससे उनका मोबाइल पूरी तरह हैक हो गया.
इसके बाद अटेंडेंस ऐप काम नहीं कर रहा था. दो दिन बाद उनका सिम कार्ड अचानक बंद हो गया और 3 से 8 फरवरी तक निष्क्रिय रहा. इसी दौरान ठगों ने बैकएंड से उनके बैंक खाते में सेंध लगाई. 8 फरवरी को नया सिम एक्टिवेट होने पर बैलेंस चेक करने पर पता चला कि पूरा 85 हजार गायब हो चुका है.
साइबर सेल इंस्पेक्टर कृष्णा साहू के अनुसार, फाइल विभाग के ही एक कर्मचारी के नंबर से शेयर की गई थी. पीड़िता ने सीएसपी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है और साइबर सेल जांच में जुटी है.
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की डिजिटल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कर्मचारी संगठनों ने मांग की है कि सरकारी कामों के लिए निजी मोबाइल के बजाय सुरक्षित आधिकारिक डिवाइस उपलब्ध कराए जाएं, अन्यथा निजी फोन पर ऐप इस्तेमाल अनिवार्य नहीं किया जाए.