पूर्व नक्सली को जशपुर पुलिस ने मुंबई से दबोचा, हथियारों के दम पर करता था अवैध वसूली
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. बूमतेल-सरनाटोली के जंगलों में इंसास रायफल समेत भारी मात्रा में हथियार छोड़कर भागे 36 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि वह पूर्व में नक्सली संगठन का सक्रिय सदस्य रह चुका है और साल 2012 में उसे जंगल में छिपाकर रखे गए यह हथियार मिले थे.
फिलहाल, जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले की गहन जांच में जुटी है.
यह पूरी घटना करीब दो महीने पहले 11 जून 2026 की है, जब जशपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के जंगलों में दो सशस्त्र बदमाशों द्वारा राहगीरों को डरा-धमकाकर अवैध वसूली करने की खबर मिली थी. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब पूरे इलाके की घेराबंदी की, तो दोनों आरोपी पुलिस को आता देख मौके पर ही इंसास रायफल, देशी कट्टा, होममेड रायफल, कारतूस, तलवार, कैंची और अपने बैग छोड़कर घने जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए थे.
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी हृदय साहू और पलटू दास के रूप में हुई. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी हृदय साहू को उसके गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी पलटू दास लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था.
तकनीकी सर्विलांस, साइबर इनपुट और मुखबिरों की सटीक जानकारी के आधार पर जब पलटू दास के मुंबई में छिपे होने का पता चला, तो जशपुर से एक विशेष टीम भेजकर उसे धर दबोचा गया. आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी हृदय साहू के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में दहशत फैलाकर वसूली करने का प्लान बनाया था.
उन्होंने राहगीरों से पैसे ऐंठने के अलावा जंगल में मशरूम बीनने आई युवतियों और खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को भी हथियारों का खौफ दिखाकर उनका भोजन तक छीनकर खाया था. जशपुर पुलिस के अनुसार, इस पूरे गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और अवैध हथियारों के स्रोतों की तह तक जाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.