जशपुर: 15 साल के दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के अंतर्गत दुलदुला वन परिक्षेत्र में गुरुवार को एक 15 वर्षीय दंतैल हाथी की गुरूवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. हल्दीपारा-धोढ़ियारा गांव के पास खेत में हाथी को दर्द से तड़पते और गिरते देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. कुछ ही देर में हाथी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृत हाथी की पीठ और सूंड पर चोट के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं.
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा. जांच में इस पहलू को भी देखा जा रहा है कि चोट के निशान कितने पुराने हैं और क्या ये किसी आपसी लड़ाई, दुर्घटना या फिर इंसानी हस्तक्षेप का नतीजा हैं.
इस घटना ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हाथी की मौजूदगी की जानकारी गश्ती टीम के बजाय ग्रामीणों से मिली.
झारखंड सीमा से सटे होने के कारण जशपुर जिला हाथियों का मुख्य कॉरिडो माना जाता है, जहां हाथी अक्सर महीनों डेरा जमाए रहते हैं. उल्लेखनीय है कि हाल ही में विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य में दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच 38 हाथियों की मौत दर्ज की गई थी, जिनमें से 14 मौतें करंट लगने और 10 डूबने के कारण हुई थीं.