जांजगीर: प्रकाश इंडस्ट्रीज में ऊंचाई से गिरने पर श्रमिक की मौत
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज पावर प्लांट में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण एक 40 वर्षीय श्रमिक की जान चली गई. मृतक की पहचान कुम्हारी खुर्द निवासी गोरेलाल कंवर के रूप में हुई है, जो प्लांट के इलेक्ट्रिकल फील्ड में एक ठेकेदार के तहत कार्यरत था.
इस दुखद घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर काम के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे.
इस दर्दनाक हादसे के बाद जिला अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद प्लांट प्रबंधन और पीड़ित परिवार के बीच मुआवजे को लेकर सहमति बनी.
समझौते के तहत मृतक के परिजनों को कुल पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिसमें से ढाई लाख रुपये प्रकाश इंडस्ट्रीज और ढाई लाख रुपये संबंधित ठेकेदार श्याम लाल साहू द्वारा वहन किए जाएंगे. इसके अलावा 50 हजार रुपये की तात्कालिक वित्तीय सहायता भी परिवार को तुरंत मुहैया कराई गई है.
प्रबंधन ने मृतक की दो बेटियों की पूरी शिक्षा का खर्च उठाने और पढ़ाई पूरी होने पर उन्हें नौकरी देने का भी लिखित आश्वासन दिया है, जिसके बाद हंगामा शांत हुआ और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया.
यह हादसा दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच का बताया जा रहा है, जब गोरेलाल जमीन से लगभग 8 फीट की ऊंचाई पर एक एंगल काटने का काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होने के कारण वह सीधे नीचे आ गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं.
दुर्घटना के फौरन बाद उसे उद्योग परिसर के भीतर ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई थी, लेकिन हालत बिगड़ती देख उसे जांजगीर के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.