रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर विश्व स्तनपान सप्ताह: छह माह तक केवल स्तनपान कराये

C

CG Khabar

05 अग. 2026, 03:18 AM 2 मिनट में पढ़ें 9

स्तनपान
स्तनपान

जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर के बकावंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत आने वाले धनपुर क्षेत्र के खासपारा आंगनबाड़ी केंद्र में सोमवार को विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर आयोजित ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई और बच्चों का नियमित टीकाकरण संपन्न हुआ. 


कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने शिशु के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए छह माह तक केवल स्तनपान कराने तथा समय पर टीकाकरण कराने का संदेश दिया.

विज्ञापन


स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जानकारी दी कि नवजात के जन्म के तुरंत बाद, अधिकतम एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कर देना चाहिए. मां का पहला गाढ़ा पीला दूध, जिसे कोलोस्ट्रम कहा जाता है, बच्चे के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच के रूप में काम करता है और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. 


शुरुआती छह महीनों तक शिशु को पानी देने की भी जरूरत नहीं होती. केवल स्तनपान कराने से बच्चों में कुपोषण, दस्त और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा काफी कम हो जाता है, जिससे भविष्य में भी कई गैर-संचारी बीमारियों से बचाव होता है.


खंड चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका ने माताओं का मार्गदर्शन किया. 


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जन्म के बाद पहले घंटे में स्तनपान शुरू करने के साथ-साथ इसे कम से कम दो वर्षों तक जारी रखना चाहिए. इसके अलावा, छह महीने की उम्र पूरी होने के बाद शिशु को स्तनपान के साथ-साथ सही पोषण देने के लिए पौष्टिक ऊपरी आहार देना भी बेहद आवश्यक है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP