जगदलपुर: फांसी के फंदे पर लटका मिला राजमिस्त्री का शव
जगदलपुर । संवाददाता: जगदलपुर के बड़े मारेंगा गांव में आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में एक 28 वर्षीय राजमिस्त्री द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है. मृतक का नाम विजय कश्यप था, जिसका शव शुक्रवार की सुबह उसके अपने ही घर के किचन में फांसी के फंदे से झूलता मिला.
घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, विजय कश्यप राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. उसने हाल ही में किस्त पर एक वाहन खरीदा था और उस पर अन्य लोन भी चल रहे थे. काम से होने वाली सीमित आय के कारण वह समय पर किस्तें और लोन नहीं चुका पा रहा था, जिससे वह पिछले कुछ समय से काफी मानसिक और आर्थिक तनाव में गुजर रहा था.
घटना वाली रात विजय काम से घर लौटा था और उसने परिजनों के साथ सामान्य रूप से खाना भी खाया था. इसके बाद वह सोने चला गया, लेकिन सुबह 5 बजे जब परिवार के सदस्य रसोई की तरफ गए तो वहां का नजारा देखकर स्तब्ध रह गए.
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा.