जगदलपुर: बंद पड़ी फैक्ट्री आग उगल रही है, बच्चे झुलसकर घायल, प्रशासन मौन
बस्तर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में बंद पड़ी एक केमिकल फैक्ट्री वार्डवासियों के लिए अभिशाप बन गई है. इस केमिकल फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल से लगातार आग धधक रही है, जिसकी चपेट में आसपास खेलने वाले बच्चे आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक अब तक चार बच्चों के पैर इस आग में बुरी तरह से झुलस गए हैं. जिसमें दो बच्चों को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं बच्चों के अलावा बड़े भी इस धधकती आग की चपेट में आ रहे हैं. चारों तरफ से यह केमिकल फैक्ट्री खुली होने की वजह से बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ है. वार्ड वासियों का कहना है कि प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है.
30 सालो से बंद पड़ी है फैक्ट्री
शहर के बलिराम कश्यप वार्ड में स्थित यह केमिकल फैक्ट्री पिछले 30 सालों से बंद पड़ी है. वार्ड वासियों ने बताया कि इस केमिकल फैक्ट्री में दवाई बनाई जाती थी लेकिन यह फैक्ट्री बंद हो चुकी है. और इसके भवन भी पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो गए हैं, चारों तरफ दीवार भी ढह गई है. सालों से इस केमिकल फैक्ट्री का वेस्ट मटेरियल का ढेर यहां पड़ा हुआ है. अब आलम यह है कि इस वेस्ट मटेरियल के अंदर आग धधक रही है और आसपास करीब 4 हजार स्क्वायर फीट जमीन को इस वेस्ट मटेरियल से धधक आग ने अपने चपेट में ले लिया है. जमीन के अंदर अंगारे दिख रही है. आसपास के बच्चे खेलते हुए आग उगलती इस वेस्ट मटेरियल के चपेट में आ रहे है. वार्डवासियों ने बताया कि अब तक चार बच्चों के पैर खेलते खेलते इस वेस्ट मटेरियल के अंदर धधकती आग में बुरी तरह से झुलस गए हैं. सिर्फ बच्चे ही नहीं बल्कि मवेशी और बड़े भी इसकी चपेट में आ रहे हैं. जिन बच्चों के पैर इस आग में झुलसे हैं उन्हें महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका ईलाज जारी है.
वार्डवासी लगा रहे मदद की गुहार
वार्ड वासियों ने यह भी बताया कि इस वेस्ट मटेरियल को हटाने या फिर वॉटर केनन की मदद से इसके अंदर आग बुझाने के लिए बोधघाट थाने में लिखित में शिकायत भी दी गयी थी. लेकिन थाना प्रभारी ने बच्चों को इस इलाके में नहीं जाने की सलाह देते हुए उन्हें वापस भेज दिया. वहीं वार्ड वासियों ने वार्ड के पार्षद से भी इस समस्या से निदान दिलाने की मांग की लेकिन वार्ड पार्षद ने भी कोई सुनवाई नहीं की.
पार्षद ने वार्डवासियों को दी सलाह
इस मामले में वार्ड के पार्षद गिरिजा गुप्ता का कहना है कि उन्हें वार्ड वासियों से जानकारी मिली और इसके बाद उन्होंने भी देखा कि केमिकल फैक्ट्री के वेस्ट मटेरियल के अंदर आग धधक रही है. हालांकि यह कैसे संभव है इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है. फिलहाल उन्होंने वार्ड के लोगों को इस इलाके में नहीं जाने की सलाह दी है, और इस मामले में महापौर से बात कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है.