रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

टीकाकरण के बाद मासूम की मौत, शव रख कलेक्टोरेट का घेराव

टीकाकरण के बाद मासूम की मौत

H

Hupendra Sharma

11 सित. 2025, 01:24 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

टीकाकरण
टीकाकरण

बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में टीकाकरण के बाद 2 महीने की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है. पीड़ित परिजनों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्ची को एक साथ चार टीका लगाया गया, जिसके बाद बच्ची की मौत हो गई.


घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले आंगनबाड़ी फिर कलेक्टोरेट का घेराव कर दिया. 

विज्ञापन


सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला धुरीपारा निवासी रामेश्वर मरावी की पत्नी ईश्वरी मरावी अपनी 2 महीने की बच्ची स्वर्णिमा मरावी को टीकाकरण के लिए आंगनबाड़ी केंद्र ले गई थी.


आरोप है कि वहां स्वास्थ्य विभाग की एएनएम ने बच्ची को लगातार चार टीके लगा दिए. टीका लगने के बाद बच्ची को लेकर परिजन घर चले गए थे.


घर पहुंचने के कुछ देर बाद अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन समझे कि टीका लगने की वजह से बच्ची रो रही है.


रात में बच्ची की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई. दूसरे दिन बुधवार को दोपहर में बच्ची की मौत हो गई. 


घटना के बाद आक्रोशित परिजनों सहित मोहल्ले के सैकड़ों लोग शव लेकर आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंच गए.


परिजनों ने टीका लगाने में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया.


टीका लगाने वाली एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाने के लिए फोन करते रहे, पर किसी ने फोन नहीं उठाया. इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई. 


इसके बाद आक्रोशित भीड़ बच्ची के शव को लेकर कलेक्टोरेट पहुंच गई. यहां भी लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.


इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार गरिमा सिंह मौके पर पहुंचीं और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया. जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


बताया गया कि उस दिन आंगनबाड़ी केन्द्र में 32 बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया था. एएनएम विभा खरे ने टीकाकरण किया था. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP