शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

इंडोनेशिया भूस्खलन: मलबे से 17 शव बरामद, 73 अब भी लापता

C

CG Khabar

26 जन. 2026, 03:13 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

इंडोनेशिया भूस्खलन
इंडोनेशिया भूस्खलन

नई दिल्ली । डेस्क: इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत में बीते सप्ताहांत हुई मूसलाधार बारिश के बाद आए विनाशकारी भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, शनिवार तड़के बांडुंग बारात क्षेत्र के पसिर लांगू गांव में हुए इस हादसे के बाद कम से कम 73 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. 


मलबे के नीचे दबे लोगों में इंडोनेशियाई नौसेना के 23 अधिकारी और विशिष्ट समुद्री बल (एलीट मरीन फोर्स) के 19 जवान भी शामिल हैं, जो पहाड़ी ढलानों पर सामरिक प्रशिक्षण ले रहे थे. 


रिपोर्ट के अनुसार, माउंट बुरांगरांग की ढलानों पर स्थित यह गांव लगभग 100 किलोमीटर दूर राजधानी जकार्ता से सटा हुआ है, जहां भूस्खलन के कारण 30 से अधिक घर पूरी तरह जमींदोज हो गए हैं.


बचाव कार्य के लिए 2,100 से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है, जो ड्रोन, वाटर पंप और भारी उत्खनन मशीनों की मदद से कीचड़ को साफ करने में जुटे हैं. 


हालांकि, लगातार हो रही बारिश और क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक स्थिति के कारण भारी मशीनरी को प्रभावित स्थल तक पहुँचाने में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. 


इंडोनेशियाई नौसेना प्रमुख मुहम्मद अली ने पुष्टि की कि प्रशिक्षण शिविर के अचानक भूस्खलन की चपेट में आने से सैन्य कर्मियों का संपर्क टूट गया था. 


मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिम जावा और आसपास के क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आने और अन्य स्थानों पर अचानक बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP