ईरान-इजरायल युद्ध विराम का स्वागत- भारत
नई दिल्ली । डेस्क: भारत ने ईरान-इजरायल के बीच मंगलवार से शुरू हुये युद्ध विराम का स्वागत किया है. गौरतलब है कि मंगलवार सुबह अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के द्वारा इसकी घोषणा की थी.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि, "क्षेत्र में टिकाऊ सुरक्षा और स्थिरता की संभावनाओं को लेकर हम गहरी चिंता में हैं, लेकिन ईरान और इसराइल के बीच युद्धविराम की ख़बरों और इसे संभव बनाने में अमरीका और क़तर की निभाई गई भूमिका का स्वागत करते हैं."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम दोहराना चाहते हैं कि क्षेत्र में अनेक संघर्षों को सुलझाने और उनका समाधान निकालने के लिये संवाद और कूटनीति के अलावा कोई विकल्प नहीं है."
बयान में आगे कहा गया, "भारत इन प्रयासों में अपनी भूमिका निभाने को तैयार है और आशा करता है कि सभी संबंधित पक्ष लंबे समय के लिये शांति और स्थिरता की दिशा में काम करेंगे."
जब से ईरान-इजरायल बीच युद्ध शुरू हुआ था भारत सरकार का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था. लेकिन मंगलवार को युद्ध विराम के बाद भारत ने इसका स्वागत किया है.
ईरान-इजरायल युद्ध के लंबा खींचने पर तेल के दाम, LPG के दाम तथा महंगाई बढ़ने की आशंका केवल भारत में ही नहीं की जा रही थी वरन् दुनियाभर में आशंका व्यक्त की जा रही थी.