भारत: वैश्विक चिकित्सा पर्यटन का उभरता सितारा
नई दिल्ली । डेस्क: भारत ने विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में अपनी एक खास पहचान बना ली है, जो न केवल उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करता है, बल्कि यह सेवाएँ किफायती दामों पर उपलब्ध हैं. एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में लगभग 70 लाख विदेशी मरीज भारत में इलाज के लिए आए. इनमें से अधिकांश मरीज बांग्लादेश, इराक, यमन, ओमान, मालदीव, सूडान, केन्या, नाइजीरिया, तंजानिया और म्यांमार जैसे देशों से हैं. इतना ही नहीं, यूरोप और अन्य विकसित देशों के मरीज भी भारत की ओर रुख कर रहे हैं, क्योंकि यहाँ विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएँ अन्य देशों की तुलना में पाँच गुना कम खर्च में उपलब्ध हैं.
भारत में जटिल चिकित्सा प्रक्रियाएँ, जैसे हृदय की बाइपास सर्जरी, निजी अस्पतालों में मात्र 2 लाख रुपये में हो सकती हैं, जबकि अमेरिका, ब्रिटेन जैसे देशों में यही सर्जरी 15-20 लाख रुपये तक की हो सकती है. इसी तरह, हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी, जो विकसित देशों में 35 लाख रुपये तक की हो सकती है, भारत के नामी अस्पतालों में केवल 6 लाख रुपये में उपलब्ध है. यह लागत में अंतर भारत को चिकित्सा पर्यटन के लिए एक आकर्षक गंतव्य बनाता है. दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे शहरों में मौजूद मल्टी-स्पेशियलिटी और सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों ने इस क्षेत्र में भारत की स्थिति को और मजबूत किया है.
भारत के अस्पतालों में आधुनिक तकनीक का उपयोग, जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रोबोटिक सर्जरी, ने चिकित्सा प्रक्रियाओं को और अधिक सटीक, तेज़ और प्रभावी बनाया है. एआई मॉडल ट्यूमर, हड्डियों के फ्रैक्चर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का तेज़ी से और सटीकता से पता लगाने में सक्षम हैं. देश के शीर्ष अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी यूनिट्स की मौजूदगी ने जटिल ऑपरेशनों में सफलता की दर को बढ़ाया है. इसके अलावा, यहाँ के डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ अत्यधिक दक्ष और प्रशिक्षित हैं, जो मरीजों को विश्वास दिलाते हैं.
चिकित्सा पर्यटन के विकास ने भारत को एक वैश्विक मेडिकल हब के रूप में स्थापित किया है. मुंबई, चेन्नई, दिल्ली और गुरुग्राम जैसे शहरों में अस्पताल न केवल उन्नत चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करते हैं, बल्कि पंचतारा होटल जैसी सुविधाएँ भी देते हैं. उदाहरण के लिए, गुरुग्राम के एक अस्पताल में जकूज़ी, स्पा, 40 सीटों वाला सिनेमाहॉल और शॉपिंग मॉल तक मौजूद हैं. मरीजों के लिए वाई-फाई, लैपटॉप, रेफ्रिजरेटर और रोजमर्रा के कामों में सहायता के लिए कर्मचारी उपलब्ध हैं. ये सुविधाएँ विदेशी मरीजों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
हालांकि, इस चमक-दमक के बीच कई चुनौतियाँ भी हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मानकों के अनुसार, प्रत्येक 1,000 लोगों पर कम से कम एक डॉक्टर होना चाहिए. लेकिन भारत में यह अनुपात 1,400 मरीजों पर एक डॉक्टर का है. राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के अनुसार, देश में लगभग 13 लाख डॉक्टर हैं, जिनमें से 10 लाख सक्रिय रूप से प्रैक्टिस कर रहे हैं. यह कमी विशेष रूप से ग्रामीण और छोटे शहरों में स्पष्ट है, जहाँ स्वास्थ्य सेवाएँ अभी भी अपर्याप्त हैं.
चिकित्सा पर्यटन से देश की अर्थव्यवस्था को लाभ हो रहा है. यह न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र, बल्कि होटल, परिवहन और फार्मास्यूटिकल उद्योगों को भी बढ़ावा देता है. लेकिन इसके नकारात्मक पहलू भी हैं. कई विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी मरीजों को प्राथमिकता देने से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है. बड़े शहरों के निजी अस्पतालों में बिलासिता से भरी सेवाएँ सामान्य भारतीय नागरिकों के लिए अक्सर पहुंच से बाहर होती हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और शहरी अस्पतालों में बढ़ता दबाव इस असमानता को और उजागर करता है.
इसके अलावा, चिकित्सा पर्यटन के तेजी से विकास ने स्वास्थ्य प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव डाला है. विशेषज्ञों का कहना है कि भारत को विश्वसनीय चिकित्सा गंतव्य के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की आवश्यकता है. इसमें डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या बढ़ाना, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे का विकास, और नैतिकता व पारदर्शिता बनाए रखना शामिल है.
भारत के लिए यह जरूरी है कि वह चिकित्सा पर्यटन के लाभों को स्थानीय नागरिकों की जरूरतों के साथ संतुलित करे. एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली की आवश्यकता है जो न केवल विदेशी मरीजों को आकर्षित करे, बल्कि देश के हर नागरिक को किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करे. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर भारत इस संतुलन को बनाए रखने में सफल होता है, तो यह न केवल वैश्विक चिकित्सा पर्यटन का केंद्र बनेगा, बल्कि अपने नागरिकों के लिए भी एक मजबूत स्वास्थ्य प्रणाली स्थापित कर पाएगा.