भारत ने दी देश की पहली डेंगू वैक्सीन 'Qdenga' को मंजूरी
नई दिल्ली । डेस्क: भारत में डेंगू के खिलाफ जंग को एक बड़ी सफलता मिली है. केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने देश की पहली डेंगू वैक्सीन 'Qdenga' (डेंगू टेट्रावेलेंट वैक्सीन - लाइव, एटेन्यूएटेड) को मार्केटिंग ऑथराइजेशन दे दी है. जर्मनी की मशहूर कंपनी टाकेडा जीएमबीएच (Takeda GmbH) द्वारा निर्मित इस वैक्सीन को टाकेडा बायोफार्मास्युटिकल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भारत में आयात किया जाएगा.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, यह वैक्सीन 4 से 60 वर्ष की आयु के लोगों में डेंगू के बचाव और रोकथाम के लिए दी जाएगी. औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत वैक्सीन की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रभावकारिता का गहन वैज्ञानिक मूल्यांकन करने के बाद ही इसे भारत में अनुमति प्रदान की गई है.
'Qdenga' रीकॉम्बिनेंट डीएनए तकनीक से तैयार की गई एक लाइव, एटेन्यूएटेड वैक्सीन है, जिसे सबक्यूटेनियस इंजेक्शन के रूप में दिया जाता है. इस वैक्सीन का पूरा कोर्स 0.5 मिलीलीटर की दो खुराकों का होगा, जिन्हें 3 महीने के अंतराल पर लगाया जाएगा.
ब्राजील, थाईलैंड और श्रीलंका सहित 8 से अधिक देशों में हुए व्यापक क्लिनिकल ट्रायल्स के साथ-साथ भारत में 4 से 60 वर्ष के लोगों पर किए गए फेज़-III ट्रायल में भी वैक्सीन को सुरक्षित और असरदार पाया गया है.
वैक्सीन को यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया और मलेशिया समेत दुनिया के 42 देशों में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से प्री-क्वालिफिकेशन भी प्राप्त है. वैश्विक स्तर पर इसकी 2.4 करोड़ से अधिक खुराकें वितरित की जा चुकी हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैक्सीन राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जारी प्रयासों को मजबूती देगी.