रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय का लोकार्पण

C

CG Khabar

01 नव. 2025, 05:27 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय
आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय

रायपुर । संवाददाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ की रजत जयंती समारोह के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में 'शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय' का लोकार्पण किया. ₹50 करोड़ की लागत से निर्मित यह भव्य संग्रहालय छत्तीसगढ़ के आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शौर्य और बलिदान को समर्पित प्रदेश का पहला संग्रहालय है. 


इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित थे. प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री साय को संग्रहालय को उत्कृष्टता के साथ मूर्त रूप देने के प्रयासों के लिए बधाई दी और कहा कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को वीर नायकों के शौर्य और बलिदान से परिचित कराता रहेगा. 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह संग्रहालय-सह-स्मारक अब जनसमर्पित हो रहा है और नई पीढ़ी को पुरखों की वीरगाथाओं को अविस्मरणीय बनाएगा. 


प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने प्रधानमंत्री को संग्रहालय की विशेषताओं की जानकारी दी, जिसमें बताया गया कि यहां 14 गैलरियों में अंग्रेजी हुकूमत काल के जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की लगभग 650 मूर्तियाँ स्थापित की गई हैं और जनजातीय विद्रोहों को समझाने के लिए डिजिटल माध्यमों की व्यवस्था की गई है. 


संग्रहालय में हल्बा, सरगुजा, भोपालपट्टनम, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी, कोई, मेरिया, मुरिया, रानी चौरिस, भूमकाल, सोनाखान विद्रोह, झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह जैसे प्रमुख आदिवासी विद्रोहों के दृश्य जीवंत रूप में प्रदर्शित किए गए हैं. 


प्रधानमंत्री ने संग्रहालय परिसर में शहीद वीर नारायण सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण किया और 'ई-पुस्तिका आदि शौर्य’ का विमोचन भी किया. 


उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह जी के वंशजों से मुलाकात की और 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण भी किया. 


प्रधानमंत्री मोदी ने जशपुर जिले की महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित 'जशप्योर ब्रांड' के उत्पादों जैसे महुआ लड्डू और 'छिंद कांसा टोकरी' जैसी पारंपरिक हस्तकला की सराहना भी की. 


यह संग्रहालय आधुनिक तकनीक जैसे VFX टेक्नोलॉजी और प्रोजेक्शन वर्क से सुसज्जित है, जहां आगंतुक डिजिटल बोर्ड और स्कैनर के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और राज्य के मंत्रीगण भी उपस्थित थे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP