शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

मां की बेरुखी से आहत होकर युवक ने मौत को चुना

C

CG Khabar

25 जुल. 2026, 04:32 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पारिवारिक मनमुटाव का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मां की नाराजगी से दुखी होकर 24 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. उरगा थाना क्षेत्र के बरपाली निवासी रोहन उर्फ अमन श्रीवास ट्रांसपोर्टनगर में एक किराए का कमरा लेकर रहता था और स्थानीय सैलून में काम करता था. 


शुक्रवार की सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटकता हुआ बरामद हुआ.


घटना की सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के विस्तृत बयानों के आधार पर ही मौत के असली वजहों का खुलासा हो सकेगा.


आत्महत्या का कदम उठाने से ठीक पहले युवक ने मानसिक तनाव के बीच देर रात अपने पिता को फोन मिलाया था. परिजनों ने बताया कि रोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और बीते कुछ दिनों से मां उससे किसी बात पर खफा थीं. इसी बात को लेकर वह काफी समय से परेशान चल रहा था. 


गुरुवार रात नौ बजे उसने अपने पिता से सामान्य बातचीत की थी, लेकिन देर रात लगभग ढाई बजे उसने दोबारा फोन किया. इस दौरान वह बिलख-बिलख कर रो रहा था और बार-बार बस यही सवाल पूछ रहा था कि आखिर मां उससे इतनी नाराज क्यों हैं. 


इतना कहते ही उसने कॉल काट दिया. इसके बाद परिजनों ने उसे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, मगर फोन रिसीव नहीं हुआ.


अनहोनी की आशंका के चलते परिजन शुक्रवार तड़के ही ट्रांसपोर्टनगर स्थित उसके किराए के कमरे पर पहुंचे. जब वहां दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर परिवार में कोहराम मच गया. रोहन का शव फांसी पर लटक रहा था. बेटे की इस प्रकार हुई असामयिक मृत्यु से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP