नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद भारत के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद भारत सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. नेपाल-चीन सीमा के पास हुई इस प्राकृतिक आपदा के कारण बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों पर खतरा मंडरा रहा है.
इस स्थिति को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात कर तैयारियों का जायजा लिया और दोनों राज्यों के संवेदनशील इलाकों में एनडीआरएफ (NDRF) तथा स्थानीय प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं.
केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार, नेपाल में त्रिशूली नदी के जलस्तर में अचानक उछाल दर्ज किया गया है, जिसके पीछे ग्लेशियर झील फटने (GLOF) या फ्लैश फ्लड की आशंका जताई जा रही है.
इसका प्रभाव गंडक नदी प्रणाली के जरिए भारत के निचले इलाकों तक पहुंच सकता है. राहत की बात यह है कि नेपाल की ओर बने जलाशयों का जलस्तर अब धीरे-धीरे घट रहा है और स्थिति नियंत्रण में है.
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर प्रभावित हो सकने वाले इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी कर ली गई है. नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए दूषतावास ने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर (+977 985 131 6807 / +977 970 910 7500) भी जारी किए हैं.