रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सूरजपुर-कोरिया-मनेन्द्रगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

सरगुजा संभाग में झामाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं

H

Hupendra Sharma

20 जून 2025, 08:34 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

बारिश
बारिश

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में अब मानसून पूरे राज्य भर में सक्रिय हो गया है. जिसका असर भी दिखने लगा है. शुक्रवार को राजधानी रायपुर सहित राज्य के अनेक हिस्सों में सुबह से बादल छाए हुए हैं. साथ ही बारिश की भी स्थिति बनी हुई है.


मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है. सरगुजा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

विज्ञापन


साथ ही रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर समेत अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.


छत्तीसगढ़ में पिछले दो-तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. गुरुवार को कई इलाकों में दिन भर बादल छाए रहने के बाद शाम को बारिश हुई. यही हाल आज यानी शुक्रवार को भी है.


मौसम में हुए बदलाव के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.


रायपुर में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया है.


मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की बात कही है. 


भारी से अतिभारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए तीन जिलों सूरजपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.


इन जिलों में एक दो जगहों पर भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है.


इसी तरह गौरेला-पेंड्रा-मारवाही, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.


इसके साथ ही बिलासपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.


वहीं रायपुर-दुर्ग समेत अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

सरगुजा संभाग में नदी-नाले उफान पर

सरगुजा संभाग में पिछले करीब 48 घंटे से हो रही झामाझम बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं.


गुरुवार को संभाग के बलरामपुर जिले में भारी बारिश हुई. कुसमी ब्लॉक में 24 घंटे में सर्वाधिक 100 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है.


गुरुवार को दिन और पूरी रात भर बारिश हुई. यही हाल शुक्रवार सुबह से है. संभाग के अधिकांश इलाकों में रुक-रुककर झमाझम बारिश हो रही है.


लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है.


बलरामपुर जिले के कुसमी, शंकरगढ़, राजपुर इलाकों में हुई बारिश के बाद कन्हर, महान, सिंदूर नदियों का जल स्तर बढ़ गया है.


रामानुजगंज में कन्हर नदी का पानी मंदिर के सीढ़ियों तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने संभाग में आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.


जशपुर जिले में भी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं. कई जगहों पर रपटे और पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवाजाही बाधित हो गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP