सावन का दूसरा सोमवार, शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव
रायपुर | संवाददाताः सावन महीने का दूसरा सोमवार आज पूरे प्रदेश में भक्ति और श्रद्धा पूर्वक मनाया जा रहा है. तड़के सुबह से ही श्रद्धालु भोलेनाथ के मंदिरों में उमड़ पड़े और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा.
शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक के शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक किया जा रहा है.
इसके अलावा अलग-अलग मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का अलग-अलग तरीके से श्रृंगार किया गया है.
शिव मंदिरों में सुबह से कांवड़ लेकर दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. जलाभिषेक के लिए मंदिरों के बाहर लम्बी कतारें नजर आ रही हैं.
राजधानी रायपुर स्थित हटकेश्वर महादेव, सरोना के प्राचीन शिव मंदिर, राजिम के कुलेश्वर महादेव, गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वर धाम, कवर्धा के भोरमदेव सहित सभी मंदिरों में दर्शन करने सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है.
रायपुर के महादेव घाट में तो मेला जैसा माहौल है. यहां कांवड़ियों की काफी भीड़ है.
कावड़िए खारून नदी से जल उठाकर अन्य शिव मंदिरों के लिए भी रवाना हो रहे हैं. वहीं बाहर से आए कावड़िए कतार में लग कर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास पुलिस की व्यवस्था भी दुरुस्त है.
वहीं किसी भी तरह की आशंका को देखते हुए खारून नदी के किनारे जवानों को तैनात किया गया है. 112 टीम भी महादेव घाट पर मुस्तैद है.