टेनिस खिलाड़ी की हत्या: पिता रिमांड पर
नई दिल्ली । डेस्क: राधिका यादव की हत्या के बाद उनके पिता दीपक यादव को पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है. हरियाणा में टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की कथित तौर पर उनके पिता दीपक यादव द्वारा गोली मारकर हत्या करने के मामले में, एक स्थानीय अदालत ने दीपक को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है.
पुलिस ने शुक्रवार को दीपक यादव को अदालत में पेश किया, जहां दो दिन की रिमांड की मांग की गई थी, लेकिन अदालत ने केवल एक दिन की रिमांड मंजूर की है.
गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि 25 वर्षीय राधिका की हत्या उनके पिता ने टेनिस अकादमी को लेकर हुये विवाद के कारण की.
दीपक, जो एक किराये की संपत्ति का व्यवसाय चलाते हैं, अपनी बेटी के टेनिस अकादमी चलाने से नाखुश थे. उनका मानना था कि यह उनके सामाजिक स्तर से नीचे है.
संदीप कुमार ने बताया, “राधिका ने अकादमी बंद करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई. गुस्से में आकर पिता दीपक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर बेटी की हत्या कर दी.”
पुलिस के अनुसार, दीपक ने हत्या की बात कबूल की है और टेनिस अकादमी को लेकर विवाद को इसका एकमात्र कारण बताया. एफआईआर के मुताबिक, दीपक पिछले 15 दिनों से अपनी बेटी की करियर और कमाई को लेकर सामाजिक आलोचना के कारण अवसाद में थे.
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे राधिका के घर की रसोई में हुई, जहां उन्हें चार गोलियां लगीं और बाद में उनकी मौत हो गई. दीपक को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया और उनकी लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली गई.
पुलिस ने सोशल मीडिया पर राधिका के एक वीडियो रील को लेकर हुए विवाद की अटकलों को खारिज कर दिया. जांच में यह भी सामने आया कि दीपक को अपने सहयोगियों के तानों से गुस्सा था, जो कहते थे कि वह अपनी बेटी की अकादमी की कमाई पर निर्भर है.
राधिका की मां ने घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, क्योंकि यह उनके सामने नहीं हुई थी. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.