शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

गुरुग्राम के इंजीनियर ने सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदकर की खुदकुशी

C

CG Khabar

04 अक्टू. 2026, 08:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

खुदकुशी-नोएडा
खुदकुशी-नोएडा

नई दिल्ली । डेस्क: उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर 94 की बहुमंजिला इमारत 'सुपरनोवा' में शनिवार सुबह गुरुग्राम में कार्यरत एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 43वीं मंजिल पर बने एयरबीएनबी (Airbnb) की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर निवासी संभव जैन के रूप में हुई है. 


घटना से ठीक पहले पास के फ्लैट में काम कर रहे एसी मैकेनिकों ने उन्हें समझाने और रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन संभव ने डिप्रेशन में होने की बात कहते हुए छलांग लगा दी. 


इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.


पुलिस जांच में सामने आया है कि संभव जैन बीते तीन दिनों से अपने घर से निकले हुए थे और अलग-अलग शहरों के होटलों में ठहरने के बाद शुक्रवार दोपहर को नोएडा के स्पाइरा टावर स्थित एयरबीएनबी फ्लैट में चेक-इन किया था. 


सेक्टर 126 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे में मिले पहचान पत्रों की मदद से शव की शिनाख्त की. 


शुरुआती पड़ताल और पिता के साथ हुई व्हाट्सएप चैट से पता चला है कि संभवतः वित्तीय तंगी और पारिवारिक विवाद से जूझ रहे थे. करीब दो साल पहले शादी के बाद उनका तलाक हो गया था और उसी दौरान प्री-मैच्योर बच्चे के इलाज में 30 लाख रुपये से अधिक का खर्च आया था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने कर्ज लिया हुआ था. 


फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले के हर पहलू और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP