जादू-टोना के शक में पोते ने की दादा की हत्या
भानुप्रतापपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जादू टोना करने के शक में पोते ने अपने ही दादा की हत्या कर दी. आरोपी ने धारदार ब्लेड से गला रेतकर दादा को मार डाला. आरोपी को शादी के पांच साल बाद भी कोई संतान नहीं हुई, जिसके लिए वह अपने दादा को जिम्मेदार मानता था. पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक घटना भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के भैंसमुंडी गांव की है. आरोपी का नाम कने सिंग कांगे है. वह अपने दादा श्याम लाल पर काला जादू करने का शक करता था.
आरोपी को लगाता था कि दादा ने उस पर जादू टोना किया है, जिसके कारण शादी के 6 साल बाद भी उसे बच्चा नहीं हो रहा है.
बताया गया कि घटना के दिन मृतक श्यामलाल मुर्गियों की रखवाली करने बाड़ी गया था. इसी बीच पोता किने वहां पहुंचा और दादा पर हमला कर दिया. उसने ब्लेड से गला रेत दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
श्याम लाल की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. जहां श्यामलाल लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था. ग्रामीणों ने तत्काल ही 108 एम्बुलेंस को फोन कर बुलाया. लेकिन एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू की. फरार आरोपी की खोजबीन करते हुए पुलिस ने उसे एक पेट्रोल पंप से गिरफ्तार कर लिया.