GPM: आकाशीय बिजली गिरने से बैगा दंपती की मौत
पेन्ड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक बैगा दंपती की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा कटरा गांव के दूरस्थ वनांचल इलाके ढपनीपानी में हुआ. घटना के समय बच्चे पड़ोस में होने के कारण सुरक्षित बच गए, जबकि पूरे गांव में इस घटना से मातम का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटरा गांव के पास जंगल में नदी किनारे रहने वाले मंगल सिंह (46) और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43) हादसे के समय अपने घर पर थे.
बिरस्पतिया बाई रसोई में भोजन बनाने की तैयारी में थीं और मंगल सिंह वहीं पास में ही बैठे थे. उसी दौरान क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हुई और घर के समीप ही आकाशीय बिजली गिर गई. बिजली के तेज झटके और ताप से दोनों गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए.
घटना के वक्त दंपती के बच्चे घर से कुछ दूरी पर स्थित पड़ोसी के घर गए हुए थे, जिससे वे हादसे की जद में आने से बच गए.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत दंपती को मृत घोषित कर दिया.
एसडीपीओ मरवाही अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे. वहीं, पीड़ित परिवार के अचानक अनाथ हुए बच्चों को देखते हुए ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई है.