GPM: 13 वर्षीय बच्चे ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
पेन्ड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में पेंड्रा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकले 13 वर्षीय मासूम का शव पेड़ से फंदे पर लटकता मिला. मृतक बालक की शिनाख्त अमरपुर निवासी समर सिंह पोरते के रूप में हुई है. इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद से ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना के संदर्भ में जानकारी मिली है कि मंगलवार की शाम समर को उसके पिता बुधराम सिंह पोरते ने किसी बात को लेकर डांट दिया था. पिता की बात से क्षुब्ध होकर वह बिना किसी को बताए चुपचाप घर छोड़ कर चला गया.
काफी देर तक जब मासूम वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने गांव तथा आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की. रातभर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मदद से तलाश की जाती रही, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका.
अगली सुबह यानी बुधवार को जब कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे, तभी उन्होंने कच्ची सड़क के करीब एक पेड़ पर बच्चे को लटके हुए देखा. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पेंड्रा थाना पुलिस को दी.
खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का हुजूम जमा हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जरूरी पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मर्ग कायम कर लिया.
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि बालक ने डांट से आहत होकर यह खौफनाक कदम उठाया होगा, हालांकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पेंड्रा पुलिस का कहना है कि परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच जारी है.