गौरेला: पति ने अवैध संबंधों के शक में की पत्नी की हत्या
पेन्ड्रा । संवाददाता: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अंजनी गांव में अपनी पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ देखकर गुस्साए पति ने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. हालांकि, जांच में मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सुमित कुमार यादव (32 वर्ष) को धर दबोचा है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, अंजनी स्थित जेपी एग्रोटेक के कर्मचारियों ने झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा देखा था, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की तो मृतका की शिनाख्त बिहार के पूर्णिया (रूपौली) की रहने वाली लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई. पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के मार्गदर्शन में जब पुलिस ने मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई, तो पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया.
घटना की रात आरोपी सुमित जब देर रात कमरे में अपनी पत्नी को न पाकर बाहर ढूंढने निकला, तो उसने उसे एक परिचित युवक के साथ देख लिया. इस बात से नाराज होकर उसने युवक को खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा.
इसके बाद पति-पत्नी के बीच जोरदार कहासुनी और हाथापाई हुई, जिसके दौरान सुमित ने आपा खोकर लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो वह शुरुआत में बयानों से भटकाता रहा, लेकिन साक्ष्यों के सामने आते ही उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.