रायपुर में कल से गणेश विसर्जन, मार्ग तय
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर में शनिवार से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो जाएगा. इसके लिए ट्रैफिक रूट चार् जारी कर दिया गया है. इस बार निगम ने छोटी-बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग तालाब और अस्थायी कुंड तैयार किए हैं. रायपुर स्थित महादेव घाट में सिर्फ बड़ी मूर्तियों का ही विसर्जन किया जाएगा.
छोटी गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम ने हर जोन में तालाबों के पास अस्थाई कुंड का निर्माण किया है. जहां श्रद्धालु प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे. साथ ही, तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन रोकने के लिए निगम की टीमें मौके पर मौजूद रहेंगी.
गणेश उत्सव की झांकियों को लेकर भी मार्ग तय कर दिया गया है. राठौर चौक से गुरुनानक चौक, शारदा चौक, जयस्तंभ चौक पहुंचेगी. यहां से मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, सत्तीबाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती थाना, लीलीचौक, लाखेनगर, रायपुरा चौक होते हुए गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन महादेवघाट में किया जाएगा.
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने कई रूट डायवर्ट कर दिए हैं.
विसर्जन के दिन रात 8 बजे से शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक, तात्यापारा चौक, शारदा चौक, मौदहापारा, मालवीय रोड, कालीबाड़ी चौक और फायर बिग्रेड चौक से कोतवाली चौक की ओर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी.
इस दौरान शहर में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जिनकी निगरानी CSP रैंक के अधिकारी करेंगे. विसर्जन यात्रा पर ड्रोन और कैमरों से भी नजर रखी जाएगी.