रायपुर DEO कार्यालय में भीषण आग, दस्तावेज जलकर खाक
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार की रात आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्टोर रूम में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
स्टोर रूम में स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड, पत्राचार और पुरानी फाइलें रखी थीं, जो आग की भेंट चढ़ गईं. कर्मचारियों ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है, लेकिन विभागीय दस्तावेजों को भारी नुकसान पहुंचा है. प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
आग की सूचना मिलते ही स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. जले हुए दस्तावेजों में स्कूलों से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है.
स्कूल शिक्षा विभाग ने घटना की जांच कराने का ऐलान किया है. जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आग लगने के वास्तविक कारण क्या थे और किन-किन दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा है. विभागीय अधिकारियों ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपने की बात कही है.
तस्वीर- प्रतीकात्मक