OMG....नारायणपुर में तोते के रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड !
नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर से सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहाँ एक पालतू तोते को पेड़ से नीचे उतारने के लिए प्रशासन ने फायर ब्रिगेड की टीम तैनात कर दी. कड़ी धूप और भीषण जलसंकट के बीच, इस बेजुबान परिंदे को बचाने के नाम पर हजारों लीटर पानी की बौछारें कर दी गईं.
यह पूरी घटना ओबीसी बॉयज हॉस्टल के समीप की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, हॉस्टल परिसर के पास एक पेड़ की ऊँची डाल पर काफी देर से एक पालतू तोता बैठा हुआ था. उसे नीचे लाने के तमाम प्रयास जब विफल रहे, तो दमकल की गाड़ी को मौके पर बुलाया गया.
बचाव दल ने पाइप के जरिए तेज प्रेशर से पानी डालना शुरू किया, ताकि तोता नीचे उड़कर आ सके. लंबे समय तक चली इस कवायद में न केवल आपातकालीन सेवाओं का इस्तेमाल हुआ, बल्कि उस बेशकीमती पानी की भी जमकर बर्बादी हुई, जिसके लिए स्थानीय लोग गर्मी में तरस रहे हैं.
स्थानीय निवासियों और नेटिजन्स में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जहाँ फायर ब्रिगेड का उपयोग आगजनी जैसी आपात स्थितियों के लिए होना चाहिए, वहाँ किसी रसूखदार के पालतू पक्षी के लिए सरकारी मशीनरी को झोंक दिया गया.
चर्चा है कि यह तोता जिले के ही किसी बड़े अधिकारी का है, हालांकि अभी तक उस अधिकारी की पहचान आधिकारिक तौर पर उजागर नहीं की गई है. प्रशासनिक हलकों में वीडियो के वायरल होने के बाद खलबली मची हुई है और लोग अब लापरवाह जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. Symbolic Photo