अंबिकापुर के डबल लॉक गोदाम से 58 लाख का खाद गायब
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय के डबल लॉक गोदाम से 58 लाख रुपए का खाद गायब होने का मामला सामने आया है. जिसमें 1612 बोरी डीएपी, 3225 बोरी एनपीके और 6054 बोरी यूरिया शामिल है.
सरगुजा जिले में लगातार खाद की कमी की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने एक समिति गठित कर गोदामों की जांच कराई तब गड़बड़ी का खुलासा हुआ.
सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर ने कहा है कि एक शासकीय कर्मचारी द्वारा लाखों रुपए की खाद के हेराफेरी की पुष्टि होने और जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद एमडी मार्कफेड को पत्र लिखकर इसकी सूचना भी दे दी है. संबंधित कर्मचारी के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज कराए जाने की भी तैयारी की जा रही है.
पूरा मामला अंबिकापुर मुख्यालय के विशुनपुर स्थित डबल लॉक गोदाम का है. यहां से 21 लाख रुपए कीमत की डीएपी सहित लगभग 58 लाख रुपए कीमत का खाद गायब हो गया है.
इस पूरे मामले में खाद केन्द्र प्रभारी अर्पण तिर्की पर खाद की हेराफेरी करने का आरोप है. जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की है.
ज्ञात हो कि सरगुजा जिले में इस साल शुरू से ही खाद की कमी की शिकायत आने लगी थी.
खाद की कमी की वजह से किसानों को सहकारी समितियों से बैरंग लौटना पड़ रहा था.
इसकी शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया.
जिसमें जिला विपणन अधिकारी अरूण विश्वकर्मा, सहकारी बैंक नोडल अधिकारी पीसी गुप्ता, उपायुक्त सहकारी संस्थाएं शिल्पा अग्रवाल और उप संचालक कृषि पितांबर दीवान को शामिल किया था.
जांच टीम ने अंबिकापुर मुख्यालय स्थित विशुनपुर डबल लॉक गोदाम का भौतिक सत्यापन किया तो वहां काफी अनियमितताएं मिलीं.
केन्द्र के रिकॉर्ड में ऑनलाइन जितनी मात्रा में खाद का उपलब्ध होना बताया जा रहा था, उसमें काफी कमी पाई गई.
केन्द्र में केवल डेढ़ हजार बोरी डीएपी सहित कुल 12 हजार बोरी खाद उपलब्ध थी.
जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि गोदाम में कुल 514 मैट्रिक टन खाद की कमी पाई गई है. जिसकी कीमत 57 लाख 89 हजार 403 रुपए है.
जांच रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि खाद केन्द्र प्रभारी अर्पण तिर्की दो जुलाई को बयान दर्ज कराने उप संचालक कृषि कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्होंने अपना बयान दर्ज नहीं कराया.