दुर्ग: अमलेश्वर में शिक्षिका से पिस्टल की नोक पर लूट
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. जामगांव एम स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की व्याख्याता योगिता राज पुरोहित जब स्कूल खत्म होने के बाद अपने साथियों संग ई-रिक्शा से भिलाई-3 लौट रही थीं, तभी दो अज्ञात बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया.
बंटग और अमेरी गांव के बीच अपराधियों ने पाटन का रास्ता पूछने के बहाने ई-रिक्शा को रुकवा लिया. इसके बाद आरोपियों ने ई-रिक्शा चालक से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी. शिक्षिका द्वारा बीच-बचाव करने पर एक बदमाश ने पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर उनका पर्स छीनकर फरार हो गए.
घटना की सूचना तुरंत अमलेश्वर थाने को दी गई, जिसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. छीने गए पर्स में करीब 6 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और कई जरूरी बैंक दस्तावेज मौजूद थे.
दिनदहाड़े हथियार दिखाकर हुई इस लूट के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल का मुआयना किया.
फिलहाल क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों का सुराग जुटाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.