FBI निदेशक काश पटेल का ईमेल अकाउंट हैक
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका में एक बड़े साइबर सुरक्षा उल्लंघन के मामले में ईरान से जुड़े हैकर्स ने संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के निदेशक काश पटेल के निजी ईमेल अकाउंट को हैक करने का दावा किया है. 'हंडाला हैक टीम' नामक समूह ने शुक्रवार को इस सेंधमारी की घोषणा करते हुए पटेल के निजी जीवन से संबंधित कई तस्वीरें और गोपनीय दस्तावेज़ ऑनलाइन साझा कर दिए हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स और सीएनएन ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से इस डेटा ब्रीच की पुष्टि की है, हालांकि FBI और न्याय विभाग ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
लीक की गई सामग्री में काश पटेल के एक दशक से भी अधिक पुराने दस्तावेज़, यात्रा विवरण और व्यावसायिक पत्राचार शामिल हैं.
साझा की गई तस्वीरों में पटेल एक एंटीक स्पोर्ट्स कन्वर्टिबल कार के पास, सिगार के साथ और शराब की बोतल के साथ नज़र आ रहे हैं.
साल 2025 में पदभार संभालने वाले पटेल का कार्यकाल शुरुआत से ही विवादों में रहा है. उन पर संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसी का दुरुपयोग करने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्राथमिकताओं को लागू करने के लिए व्यक्तिगत लाभ लेने के आरोप लगते रहे हैं.
खुद को 'प्रो-फिलिस्तीनी हैकिंग विजीलांते' बताने वाले इस समूह ने हाल ही में चिकित्सा उपकरण कंपनी स्ट्राइकर पर हुए साइबर हमले की जिम्मेदारी भी ली थी.
पश्चिमी शोधकर्ताओं का मानना है कि हंडाला हैक टीम ईरानी साइबर इंटेलिजेंस से जुड़ी हुई है.
समूह का दावा है कि यह हमला ईरान के मीनाब में एक स्कूल पर हुए अमेरिकी-इजरायली हमले के जवाब में किया गया है, जिसमें 170 से अधिक स्कूली छात्राओं की मौत हो गई थी. हैकर्स ने इसे साइबर युद्ध के एक नए अध्याय की शुरुआत बताया है, वहीं ईरान ने भी पश्चिमी आर्थिक हितों पर हमले तेज करने की चेतावनी दी है.