रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

मूंगफली खाने पर पिता-पुत्र को बोलेरो से कुचला

H

Hupendra Sharma

23 सित. 2025, 09:36 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 पिता-पुत्र को कुचला
पिता-पुत्र को कुचला

सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मूंगफली खाने के मामूली विवाद पर एक रिश्तेदार ने पिता-पुत्र पर बोलेरो गाड़ी चढ़ा कर कुचल दिया. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक और बेटा गंभीर रूप से घायल है. 


पुलिस के मुताबिक घटना 22 सितंबर की रात लगभग 11 बजे की है. रामानुजनगर थाने के तीवरागुड़ी गांव निवासी त्रिवेणी रवि और नर्मदा सोनवानी आपस में रिश्तेदार हैं.

विज्ञापन


दोनों रिश्तेदारों का खेत एक दूसरे से लगा हुआ है. जिस पर दोनों ने मूंगफली लगाई है. दोनों परिवार में एक दूसरे की मूंगफली खाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.


सोमवार को त्रिवेणी रवि का छोटा बेटा मूंगफली की रखवाली करने खेत गया था. शाम को नर्मदा सोनवानी अपने दोनों बेटों के साथ खेत पहुंचे तो करण रवि खेत के किनारे बैठकर मूंगफली खा रहा था.


इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ. देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई. जिसे देख बीच बचाव के लिए त्रिवेणी रवि और उसके बड़े बेटे राजा बाबू पहुंचे तो उनकी भी पिटाई कर दी गई.


इसके बाद मामले की शिकायत थाने में की गई. थाने में भी दोनों पक्ष में विवाद हुआ. पुलिस ने समझाकर दोनों पक्ष को वापस भेज दिया.


इसी दौरान रात करीब 11 बजे त्रिवेणी रवि और उसके दोनों बेटे बाइक से घर लौट रहे थे. रास्ते में नकना चौक के पास बोलेरो सवार नर्मदा सोनवानी के बड़े बेटे ओमप्रकाश और उसके साथियों ने उनके ऊपर बोलेरो चढ़ा दी.


हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को तत्काल सूरजपुर जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने त्रिवेणी रवि और बड़े बेटे राजा बाबू को मृत घोषित कर दिया.


जबकि छोटे बेटे की हालत गंभीर है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद से आरोपी फरार हैं. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP