किसान नेता डल्लेवाल का आमरण अनशन खत्म
छत्तीसगढ़ किसान नेता डल्लेवाल ने 131 दिनों बाद अनशन खत्म किया
पंजाब | डेस्कः संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने 131 दिन बाद आमरण अनशन खत्म कर दिया है.
वह किसानों की मांगों को लेकर 26 नवंबर 2024 से आमरण अनशन पर थे. रविवार को फतेहगढ़ साहिब की सरहिंद अनाज मंडी में किसान महापंचायत में उन्होंने इसका ऐलान किया.
हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनसे आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की थी.
रविवार को श्री फतेहगढ़ साहिब में किसानों की महापंचायत हुई, जिसमें जगजीत सिंह डल्लेवाल समेत कई किसान शामिल हुए.
इस दौरान जगजीत सिंह डल्लेवाल ने भी किसानों को संबोधित किया. इसके बाद उन्होंने अपना आमरण अनशन समाप्त करने की घोषणा की.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एम.एस.पी. और अन्य किसान मांगों को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी.
केंद्र सरकार के साथ बैठक 4 मई को
केंद्र सरकार के साथ किसानों की अगली बैठक 4 मई को होगी.
एक दिन पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डल्लेवाल से अनशन खत्म करने की अपील करते हुए कहा था कि 4 मई को किसानों से चंडीगढ़ में मीटिंग करेंगे.
डल्लेवाल ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत अन्य मांगों को लेकर 26 नवंबर 2024 को अनशन शुरू किया था.
पंजाब पुलिस ने कराया था आंदोलन खत्म
19 मार्च को पंजाब पुलिस ने जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवण सिंह पंधेर समेत अन्य किसानों को हिरासत में लेकर खनौरी और शंभू बॉर्डर खाली करा लिए थे.
पुलिस ने डल्लेवाल को पटियाला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था. 3 अप्रैल को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी.
महापंचायत में डल्लेवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए AAP सरकार ने आंदोलन खत्म कराया था.
किसानों की मांग पर आमरण अनशन खत्म किया है. काफी समय से किसान मुझसे अनशन तोड़ने की अपील कर रहे थे.