रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

प. बंगाल में आधार और वोटर कार्ड की फैक्ट्री पकड़ाई

C

CG Khabar

17 जून 2025, 12:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

आधार और वोटर कार्ड की फैक्ट्री
आधार और वोटर कार्ड की फैक्ट्री

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में पुलिस ने एक डिजिटल फोटो स्टूडियो पर छापा मारकर नकली आधार कार्ड, वोटर कार्ड और जाति प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह 5,000 से 10,000 रुपये लेकर नकली आधार कार्ड, वोटर कार्ड और जाति प्रमाण पत्र बनाता था. खास तौर पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को ये फर्जी दस्तावेज मुहैया कराये जाते थे. यह स्टूडियो ईस्टर्न बायपास के पास ढाकेश्वरी मंदिर के नजदीक चल रहा था. इस कार्रवाई में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है.


पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि इस स्टूडियो में अवैध तरीके से सरकारी दस्तावेजों की जालसाजी हो रही है. सोमवार को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), भक्तिनगर थाना और आशीघर चौकी की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस टीम ने स्टूडियो के कर्मचारियों को नकली आधार कार्ड बनाने का ऑर्डर दिया. जैसे ही जालसाजों ने पैसे लेकर काम शुरू किया, पुलिस ने उन्हें रंगे हाथों धर दबोचा.

विज्ञापन


गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान चितरंजन सरकार, षष्ठी मंडल, टिटू दास, विश्वजीत राय, मंगलु सिंह गौतम, हरिकिशोर राय और आबेश गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस ने स्टूडियो से कई नकली दस्तावेज बरामद किये हैं. 


पुलिस ने पूरे स्टूडियो को घेर लिया और वहां से कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किये.


भक्तिनगर थाने के प्रभारी अमित अधिकारी ने बताया, "इस अभियान में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और कई दस्तावेज बरामद हुये हैं. जांच अभी जारी है."


पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक कितने लोगों को नकली दस्तावेज दिये गये और इस रैकेट का दायरा कितना बड़ा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP