'एपस्टीन फाइल्स' से भारत से संबंधित 60 दस्तावेज गायब- पवन खेड़ा
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोमवार को एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि अमेरिकी न्याय विभाग की वेबसाइट पर जारी कुख्यात अपराधी जेफ्री एपस्टीन से संबंधित दस्तावेजों में से भारत के संदर्भ वाली कम से कम 60 फाइलें रहस्यमय तरीके से गायब हो गई हैं. खेड़ा ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि क्या हाल ही में हुई भारत-अमेरिका व्यापार संधि (ट्रेड डील) इन 'स्कैंडल' से भरी फाइलों को हटाने की कीमत थी.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपनी छवि बचाने के लिए देश के हितों और कृषि क्षेत्र के साथ समझौता किया है.
कांग्रेस के अनुसार, उनकी एक विशेष टीम इन दस्तावेजों की निगरानी कर रही थी.
खेड़ा ने बताया कि 6 फरवरी को 'India' सर्च करने पर 484 पेज के परिणाम मिल रहे थे, लेकिन सोमवार को यह संख्या घटकर 478 रह गई, जिसका अर्थ है कि लगभग 60 फाइलें हटा दी गई हैं.
जहां एक ओर कांग्रेस ने इस व्यापार समझौते को 'आत्मसमर्पण' बताया है, वहीं केंद्र सरकार ने एपस्टीन की फाइलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उल्लेख को एक अपराधी की 'बकवास' करार दिया है. इस बीच, दलाई लामा के कार्यालय ने भी स्पष्ट किया है कि उनका एपस्टीन से कभी कोई संबंध नहीं रहा.