मोहला मानपुर में मुठभेड़, 2 माओवादी मारे गए
मानपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दो माओवादियों को मारने का दावा किया है.
मारे गए माओवादियों की पहचान स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर विजय रेड्डी और लोकेश सलामे डीबीसी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि दोनों बड़े नक्सल लीडर थे और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे.
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ जिले के मानपुर, मदनवाड़ा और सीतागांव थाना क्षेत्रों के घने जंगल में हुई.
पुलिस को सूचना मिली थी कि बंडा पहाड़ी इलाके में काफी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी है.
इसी सूचना पर आज मोहला-मानपुर पुलिस, डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
घेराबंदी के दौरान माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जिस पर जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो माओवादी मारे गए.
एसपी वायपी सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरा ऑपरेशन बारिश के बीच हुआ. इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई.
मुठभेड़ में मारे गए माओवादी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय थे. दोनों कई नक्सली वारदातों में शामिल थे.
मौके से हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की गई है. पुलिस का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.