शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में करंट से हाथी की मौत

H

Hupendra Sharma

01 अग. 2025, 12:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

हाथी
हाथी

कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में करंट की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई. घटना कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज के बैगामार जंगल की है.


यहां कुछ किसानों ने जानवरों से फसलों को बचाने करंट प्रवाहित झटका तार लगा रखा था. इस तार का उपयोग आम तौर पर छोटे जानवरों को रोकने के लिए किया जाता है.


तार लगाने वाले तीन किसानों को गिरफ्तार कर लिया गया है. 


दरअसल, क्षेत्र में 22 हाथियों का झुंड घूम रहा है. शुक्रवार को सुबह ग्रामीण खेत में काम करने पहुंचे तो वहां एक हाथी मृत अवस्था में पड़ा हुआ था.


ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. हाथी किसानों द्वारा खेत में बिछाए तार में फंसा हुआ था.


तत्काल डॉक्टरों की टीम को बुलाकर जांच कराया गया तो पता चला कि हाथी की मौत रात में ही हो गई थी.


वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की तो गांव के तीन किसान कृष्ण राम राठिया, बाबू राम राठिया और टीका राम राठिया के खेत पर तार बिछा हुआ था.


पूछताछ में तीनों किसानों ने बताया कि जानवरों से फसल को बचाने के लिए मिलकर खेत के चारों ओर तार बिछाया था. इसी की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई है.


डीएफओ निशांत कुमार झा ने बताया कि किसानों ने अपना जुर्म कबूल लिया है. तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.


उन्होंने बताया कि यह हाथी झुंड से बिछड़कर खेत की ओर चला गया था. इससे पहले भी कुदमुरा रेंज में 11 केवी बिजली तार की चपेट में आने से एक दंतैल हाथी की मौत हो गई थी. इस मामले में वन विभाग ने लाइनमैन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP