शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

हाथी ने मकान तोड़ा और पांच मवेशियों को कुचला

छत्तीसगढ़ में हाथी ने मकान तोड़ा और पांच मवेशियों को कुचला

C

CG Khabar

06 फ़र. 2025, 01:21 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

छत्तीसगढ़ में हाथी ने मवेशियों को कुचला
छत्तीसगढ़ में हाथी ने मवेशियों को कुचला

कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल में हाथियों के लगातार उत्पात से ग्रामीणों में दहशत है. 


हाथी फसल और मकान को तो नुकसान पहुंचा ही रहे हैं अब ग्रामीणों के पालतू मवेशियों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है. 


बीती रात को एक हाथी ने पसान रेंज के बीजाडांड सर्किल के रानीअटारी गांव में पांच मवेशियों को कुचल दिया.


जिसमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई. दो मवेशी गंभीर रूप से घायल हैं. 


इसी तरह केंदई रेंज के ढोढाबहार में एक दंतैल हाथी ने बस्ती में घुसकर दो ग्रामीणों के मकानों को ढहा दिया है. 


वन विभाग के मुताबिक पूरे वन मंडल में कुल 50 हाथी विचरण कर रहे हैं. 


इसमें से पसान रेंज के सेमरहा क्षेत्र से एक हाथी दल से भटक कर रानीअटारी गांव पहुंचा था. 


रात में हाथी ने एक ग्रामीण दशरथ के घर के बाहर बंधे मवेशियों पर हमला कर दिया. 


मवेशियों को कुचलने के बाद हाथी दशरथ के घर अंदर पहुंच गया जहां आंगन में रखे अरहर को चट कर गया.


पीड़ित ग्रामीण ने सुबह इसकी सूचना वन विभाग को दी थी. 


सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मृत मवेशियों का पोस्टमॉर्टम कराया. 


मृत मवेशियों में दो गाय और एक बैल शामिल है. इसके बाद प्रकरण बनाकर मुआवजा राशि के लिए आवेदन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिया गया है. 


परिवार ने भागकर जान बचाई
इसी तरह केंदई रेंज के ढोढ़ाबहार में एक दंतैल हाथी ने दो मकानों को नुकसान पहुंचाया है. 


हाथी ने मकानों को तोड़ने के बाद दोनों घरों में रखे राशन को भी खा गया. 


इस दौरान एक मकान मालिक शंकर ने अपने परिवार के साथ भागकर जान बचाई. 


बताया गया कि एक दंतैल हाथी झुंड से भटक रह अकेला घूमता हुआ यहां पहुंचा था. ये हाथी लंबे समय से इसी क्षेत्र में है. 


50 हाथियों का झुंड कर रहा विचरण
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन दिनों कटघोरा वन मंडल के अलग-अलग क्षेत्र में 50 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. 


केंदई रेंज के लालपुर क्षेत्र में 25 हाथियों का झुंड है. इसी तरह कापानवापारा क्षेत्र में 7 हाथी विचरण कर रहे हैं. 


जबकि एतमा नगर के मड़ई परिसर में भी 18 से अधिक हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है. 


जिसे देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है. 
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP