मोदी, रमन, भूपेश ने दी ईद की बधाई, भाजपा-साय ने दूरी बनाई
मोदी, रमन, भूपेश ने दी ईद की बधाई, साय ने दूरी बनाई
रायपुर | संवाददाता: देश भर में ईद का त्यौहार हर्ष-उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. सोमवार की सुबह मस्ज़िदों में नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिल कर बधाई दी.
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश वासियों को ईद की बधाई दी.
सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के X हैंडल से ईद की बधाई देते हुए कहा गया- ईद-उल-फ़ितर की हार्दिक बधाई। यह त्यौहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को बढ़ाए। आपके सभी प्रयासों में खुशी और सफलता मिले। ईद मुबारक!
Greetings on Eid-ul-Fitr.
— Narendra Modi (@narendramodi) March 31, 2025
May this festival enhance the spirit of hope, harmony and kindness in our society. May there be joy and success in all your endeavours.
Eid Mubarak!
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के X हैंडल से राज्यपाल रमेन डेका की शुभकामनाएं देते हुए कहा गया-राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ईद-उल-फितर के अवसर पर प्रदेशवासियों सहित देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय को बधाई व शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि यह पूरे देश में मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। यह पवित्र अवसर हमें एक-दूसरे के साथ एकता, समरसता और सहयोग का अनुभव कराता है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने भी X हैंडल पर ईद की बधाई देते हुए लिखा- आपसी भाईचारे के पर्व ईद-उल-फितर की दिली मुबारकबाद।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल ने X पर अपने संदेश में लिखा- ईद-उल-फितर के पावन पर्व पर समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को दिली-मुबारकबाद। अमन, प्रेम, भाईचारे का यह त्यौहार आप सभी के जीवन में ढेरों खुशियां लाए।
कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्वीटर हैंडल से लिखा-ईद-उल-फितर की मंगलकामनाएं! यह मुबारक त्योहार आपसी मोहब्बत, विश्वास और सौहार्द की खुशबू से महकता रहे। सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और तरक्की का उजाला फैलाए। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह पर्व हर दिल में खुशियां और समाज में भाईचारे की मजबूती लाए!
हालांकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय या मुख्यमंत्री कार्यालय के X हैंडल पर ईद की बधाई का कोई संदेश दोपहर बाद तक नज़र नहीं आया. छत्तीसगढ़ भाजपा ने भी X पर ईद की कोई बधाई नहीं दी.