महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे, TMC MP ने BJP पर लगाया आरोप
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा को एक बार फिर विरोध प्रदर्शन और अभद्रता का सामना करना पड़ा है. बुधवार को कालीगंज के पलाशी इलाके में टीएमसी विधायक अलिफा अहमद के आवास के बाहर प्रदर्शनकारियों ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन पर अंडे फेंके.
घटना उस समय हुई जब महुआ मोइत्रा विधायक अलिफा अहमद के घर पर आयोजित एक पार्टी बैठक में शामिल होने पहुंची थीं. इसी दौरान वहां प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने मोइत्रा के खिलाफ 'गो बैक' और 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए. देखते ही देखते भीड़ में से कुछ लोगों ने उन पर अंडे भी फेंके.
सांसद महुआ मोइत्रा ने इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर इस हमले को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने का आरोप लगाया है.
उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है और भाजपा अब उन पर सीधे हमले करने की योजना बना रही है. मोइत्रा ने दावा किया कि विरोध करने वाले आम लोग नहीं, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता थे.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर वहां से खदेड़ा.
गौरतलब है कि महुआ मोइत्रा के साथ इस तरह की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 13 जून को भी कृष्णानगर जिला अदालत के बाहर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की थी और उन पर अंडे फेंकने का प्रयास किया था.
उस समय मोइत्रा ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ पुलिस से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जाने की चेतावनी दी थी. पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ महीनों के भीतर टीएमसी के कई बड़े नेताओं को इस तरह की नारेबाजी और भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा है.