दुर्ग: कांवड़ यात्रा के दौरान महिला पर तेजाब से हमला, दो मासूम भी झुलसे
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सावन के सोमवार पर जल चढ़ाने जा रही एक महिला पर एक युवक ने तेजाब (बैटरी का केमिकल) फेंक दिया. नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में घटी इस वारदात में महिला के साथ मौजूद दो बच्चे भी रसायन की चपेट में आकर झुलस गए.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
शुरुआती जांच के अनुसार, पीड़ित महिला मीना निषाद और आरोपी महेश दास बैरागी एक ही गांव के रहने वाले हैं और पूर्व में एक साथ एक ही कंपनी में कार्य करते थे. दोनों के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी, जिसके चलते महिला ने करीब छह महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी और आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी.
बातचीत न करने से नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात की साजिश रची या यह अचानक गुस्से का नतीजा था, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है.
मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्र ने बताया कि आरोपी ने हमले में बैटरी के केमिकल का इस्तेमाल किया था. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस खतरनाक रसायन का इंतजाम कहां से किया था और दोनों के बीच विवाद की मुख्य वजह क्या थी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है.