रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: तेज रफ्तार 407 वाहन ने बाइक सवार ठेकेदार को कुचला

C

CG Khabar

16 जून 2026, 12:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग जिले के अंडा थाना इलाके में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 38 वर्षीय सिविल ठेकेदार रोशन लाल साहू की दर्दनाक मौत हो गई. तेज गति से आ रहे एक 407 मालवाहक वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि रोशन लाल के शरीर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. 


आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

विज्ञापन


यह पूरी घटना अंडा शराब भट्टी के पास एक मोड़ पर हुई. रिसामा गांव के रहने वाले रोशन लाल साहू पेशे से सिविल ठेकेदार थे और क्षेत्र में निर्माण कार्यों का ठेका लेते थे. रविवार को वे किसी निजी काम से अंडा आए थे. 


शाम करीब 5 बजे जब वे अपनी मोटरसाइकिल (CG 07 LY 9538) से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही लकड़ियों से लदी एक 407 गाड़ी (CG 07 CA 9645) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही रोशन लाल सड़क पर काफी दूर जा गिरे.


हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर इंसानियत भूलकर मौके से गाड़ी समेत भाग निकला. घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आरोपी वाहन की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान पता चला कि उक्त गाड़ी क्षेत्र की ही एक आरा मिल की है. 


आरोपी चालक एक्सीडेंट के तुरंत बाद सीधे आरा मिल पहुंचा था, जहां उसने गाड़ी में अनलोड की गई लकड़ियां खाली कीं और फरार हो गया. जब परिजनों ने मिल में खड़ी गाड़ी को देखा, तो उस पर खून के धब्बे और दुर्घटना के निशान मौजूद थे, जिसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया.


इस असमय हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है. रोशन लाल अपने घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, जिनके पीछे उनकी पत्नी और तीन मासूम बेटियां हैं. ठेकेदार की मौत से पूरे रिसामा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 


ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से फरार आरा मिल वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP