दुर्ग सड़क हादसा: ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रसमड़ा में शुक्रवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक ट्रक चालक की कथित संवेदनहीनता ने एक युवक की जान ले ली. मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोनी का निवासी ऐमंत साहू अपने मित्र के साथ बाइक से रसमड़ा स्थित अपनी कंपनी ड्यूटी पर जा रहा था. इसी दौरान पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर स्टील प्लांट के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
इस भिड़ंत में ऐमंत का साथी छिटककर सड़क की दूसरी ओर गिरा, जबकि ऐमंत सीधे ट्रक के पहियों के बीच जा फंसा.
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि टक्कर के बाद ट्रक रुक गया था और घायल ऐमंत नीचे फंसा हुआ मदद के लिए गुहार लगा रहा था. वहां मौजूद लोगों और ऐमंत के दोस्त ने चालक को वाहन न बढ़ाने की चेतावनी भी दी, लेकिन आरोप है कि चालक ने लापरवाही दिखाते हुए ट्रक आगे बढ़ा दिया.
इस वजह से बाइक सवार युवक काफी दूर तक घसीटता चला गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप पर ट्रक को पीछे करवाकर शव को बाहर निकाला गया.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलगांव पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.