दुर्ग: दो युवकों पर गिरी बिजली, एक की मौत, दूसरा झुलसा
दुर्ग । संवाददातता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया. घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए दुर्ग के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना शुक्रवार की है, जब दुर्ग-खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर भीषण बारिश हो रही थी. इसी बीच रास्ते से गुजर रहे दो युवक पानी से बचने के लिए मोहंदी मोड़ के पास स्थित एक पेड़ के नीचे रुक गए. तभी अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी, जिसकी चपेट में दोनों आ गए.
हादसे में 30 वर्षीय गजराज साहू, जो कि मोहंदी गांव का ही निवासी था, की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके साथ मौजूद दूसरा युवक, जो राजनंदगांव का रहने वाला बताया जा रहा है, इस हादसे में झुलस गया.
मामले की जानकारी मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है.
बारिश के दौरान बिजली से बचने के लिए क्या करें:
पेड़ के नीचे कभी न छिपें: बारिश के समय ऊंचे पेड़ बिजली को अपनी ओर जल्दी खींचते हैं, इसलिए खुले में किसी पेड़ की शरण बिल्कुल न लें.
खुले मैदान से दूर रहें: यदि आप किसी खुले स्थान पर हैं, तो तुरंत किसी पक्के मकान या ढके हुए वाहन में शरण लें.
धातु की चीजों से दूरी बनाएं: बिजली के खंभे, लोहे की ग्रिल और दोपहिया वाहनों से दूर रहें.