शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: स्कूल में नशीली दवा, कांग्रेस का थाना घेराव

C

CG Khabar

21 जुल. 2026, 04:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

कांग्रेस-दुर्ग
कांग्रेस-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल में विद्यार्थियों के संदिग्ध रूप से नशीली दवा के सेवन के कारण बीमार पड़ने की घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. इस गंभीर मामले को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कोतवाली थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. 


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से एक विशाल रैली निकाली और शहर में तेजी से फैल रहे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सीएसपी हर्षित मेहर के माध्यम से एसपी के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की.


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने राज्य की शिक्षा और कानून व्यवस्था पर कड़े सवाल खड़े किए. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यह जांचना बेहद जरूरी है कि आखिर इतनी खतरनाक नशीली दवाएं स्कूल परिसर तक कैसे पहुंचीं और क्या ऐसा कोई अवैध नेटवर्क अन्य शिक्षण संस्थानों में भी सक्रिय है. 


बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि दुर्ग में सिंथेटिक ड्रग्स और नशे का कारोबार पांव पसार रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और बाल अपराधों में वृद्धि दर्ज की जा रही है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी स्कूलों के आसपास पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए.


कांग्रेस ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि प्रभावित 6 से 8 विद्यार्थियों का समुचित एवं बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराई जाए. 


पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नशे के तस्करों और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित के लिए एक बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन छेड़ा जाएगा. प्रशासन को दुर्ग को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने होंगे.


गौरतलब है कि दुर्ग जिले में पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र ने अपने ही सहपाठियों को चॉकलेट के नाम पर नशे की गोलियां बांट दीं थी. इन संदिग्ध गोलियों को खाने के बाद स्कूल के 8 छात्र गंभीर रूप से बीमार हो गए थे, जिनमें से 1 बच्चे की हालत नाजुक है और वह आईसीयू (ICU) में जिंदगी की जंग लड़ रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP