शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग: LPG के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस ने पुतला फूंका

C

CG Khabar

09 मार्च 2026, 11:00 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

पुतला दहन-दुर्ग
पुतला दहन-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में हुए हालिया इजाफे पर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए पटेल चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से पुतला फूंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया. 


प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि महंगाई के इस दौर में गैस की कीमतें बढ़ाना आम आदमी की कमर तोड़ने जैसा है.


इस विरोध प्रदर्शन में जिले के वरिष्ठ नेताओं समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे, जिन्होंने बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की. 


कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ अब रसोई गैस का महंगा होना मध्यम और गरीब परिवारों के बजट को पूरी तरह बिगाड़ चुका है. 


दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने केंद्र पर प्रहार करते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता त्रस्त है. 


वहीं, भिलाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने इस मुद्दे को सीधे तौर पर गृहणियों से जोड़ते हुए कहा कि रसोई का खर्च चलाना अब महिलाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने यह मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP