नशेड़ी बेटे ने की पिता की हत्या
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा में मामूली बात पर बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी. आरोपी नशे का आदि था और घटना के समय भी नशे में धुत था. घटना दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम झाबर की है.
पुलिस के मुताबिक मृतक परस राम रोहिदास का आरोपी बेटा शंकर रोहिदास से नशे को लेकर हमेशा विवाद होता था.
आज भी आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा था. इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हुई.
बात इतनी बढ़ गई कि बेटे ने डंडे और ईंट से पिता पर हमला कर दिया. जिससे मौके पर ही पिता की मौत हो गई.
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही फरार आरोपी की तलाश जारी है.