डोनाल्ड ट्रंप का नोबेल शांति पुरस्कार पर बड़ा दावा: कहा— मैंने 8 युद्ध खत्म कराए
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नोबेल शांति पुरस्कार के लिए अपनी दावेदारी एक बार फिर मजबूती से रखी है. शुक्रवार को नॉर्वेजियन पीस कमेटी द्वारा पुरस्कार की घोषणा से ठीक पहले ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान आठ युद्ध समाप्त कराए हैं और ऐसा काम किया है जो इतिहास में किसी अन्य राष्ट्रपति ने नहीं किया.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने न केवल आठ युद्धों को सुलझाया है, बल्कि सभी बंधकों की सुरक्षित वापसी भी सुनिश्चित की है.
उन्होंने यह भी कहा कि कई देशों को टैरिफ (शुल्क) की चेतावनी देकर उन्होंने नए युद्धों को शुरू होने से रोका है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि उनके शांति प्रयास अभी भी जारी हैं और वह एक और युद्ध-संभवतः पिछले आठ महीनों से जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष-को समाप्त करने के बेहद करीब हैं.
ट्रंप ने कहा कि यदि नोबेल समिति उन्हें इस सम्मान से वंचित रखती है, तो यह खुद समिति की साख के लिए एक बड़ा बट्टा होगा.
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने कहा कि ओबामा को पद संभालते ही बिना किसी ठोस कार्य के यह पुरस्कार दे दिया गया था और उन्हें खुद भी नहीं पता कि उन्हें यह सम्मान क्यों मिला.
वहीं, ट्रंप ने पिछले वर्ष की विजेता वेनेजुएला की मारिया कोरीना माचाडो का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ओवल ऑफिस में आकर स्वयं अपना पुरस्कार ट्रंप को सौंपते हुए स्वीकार किया था कि इस सम्मान के असली हकदार ट्रंप ही हैं. AI Generated Photo