रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

स्कूल में परोसा गया कुत्ते का जूठा भोजन, 78 बच्चों को लगा इंजेक्शन

H

Hupendra Sharma

02 अग. 2025, 12:03 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

कुत्ते का जूठा भोजन
कुत्ते का जूठा भोजन

बलौदाबाजार | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूली बच्चों को मध्यान्ह भोजन में कुत्ते का जूठा खाना परोस दिया गया.


इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर बवाल किया. इसके बाद आनन-फानन में 78 बच्चों को एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया.

विज्ञापन


विधायक संदीप साहू ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच की मांग की है.


पूरी घटना पलारी ब्लॉक के ग्राम लछनपुर मिडिल स्कूल की है. यहां पढ़ने वाले बच्चों को 29 जुलाई को मध्यान्ह भोजन में कुत्ते का जूठा खाना परोसा गया था.


बताया गया कि मध्यान्ह भोजन का खाना खुले में रखा था. इसी दौरान एक आवारा कुत्ता सब्जी को जूठा कर दिया. जिसे कुछ बच्चों ने देख लिया.


बच्चों ने इसकी जानकारी शिक्षकों को दी थी. इसके बाद शिक्षकों ने खाना बनाने वाली जय लक्ष्मी स्व. सहायता समूह की महिलाओं को उक्त खाने को परोसने से मना किया था.


इसके बावजूद खाना परोस दिया गया. महिलाओं का कहना था कि कुत्ते ने सब्जी को जूठा नहीं किया है. 


एसडीएम और बीईओ पहुंचे स्कूल

इस स्कूल में कुल 250 बच्चे हैं. जिसमें से 84 बच्चों को यह जूठा भोजन परोसा गया था.


बच्चे उस समय डर से कुछ नहीं बोल पाए, लेकिन घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी.


इसके बाद पालकों में आक्रोश बढ़ गया. पालक ग्रामीण शाला समिति के अध्यक्ष झालेंद्र साहू के साथ स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.


बच्चों और शिक्षकों से पूछताछ के बाद पालक और ग्रामीण समीप के अस्पताल पहुंचे. वहां प्रभारी डॉ. वीणा वर्मा ने 78 बच्चों को एंटी-रेबीज का एक-एक डोज लगाया.


घटना की जानकारी लगते ही आज शनिवार को एसडीएम दीपक निकुंज, बीईओ नरेश वर्मा सहित अधिकारी स्कूल पहुंचे. जहां उन्होंने बच्चों, पालकों, शिक्षकों और समिति के लोगों के बयान दर्ज किए.


विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

विधायक संदीप साहू ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जांच की मांग की है.


उन्होंने कहा है कि यह गंभीर मामला है. इसके लिए कौन जिम्मेदार है. इतने बच्चों को एंटी रेबीज का इंजेक्शन कैसे और किनके आदेश पर लगाया गया है. यह मामला अत्यंत ही घोर लापरवाही को उजागर करता है. 


उन्होंने सीएम से इस मामले में एक विशेष जांच दल गठित कर जांच कराने की मांग की है. साथ ही दोषियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई करने आदेश जारी करने की मांग की है.


इस मामले में लछनपुर अस्पताल की प्रभारी वीना वर्मा का कहा है कि गांव के जनप्रतिनिधि, पालक और स्कूल समिति से सदस्यों ने बच्चों को कुत्ते का जूठा भोजन कराने की बात कहते हुए बच्चों के स्वास्थ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी रेबीज लगाने के लिए दबाव बनाया गया. जिस पर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ऐहतियात के तौर पर 78 बच्चों को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP