सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

नेपाल में MD सीट का झांसा देकर बिलासपुर के डॉक्टर दंपती से 28 लाख हड़पे

नेपाल के मेडिकल कॉलेज में बेटे का दाखिला कराने का दावा कर बिलासपुर के डॉक्टर दंपती से 28 लाख रुपए ठग लिए गए. किश्तों में सिर्फ आधी रकम लौटाकर लगातार चेक बाउंस कराने वाले कोलकाता के आरोपी के खिलाफ शून्य पर अपराध दर्ज कर केस डायरी पश्चिम बंगाल भेजी गई है.

C

CG Khabar

09 नव. 2026, 10:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 34

Fraud- बिलासपुर के डॉक्टर दंपती से 28 लाख हड़पे
Fraud- बिलासपुर के डॉक्टर दंपती से 28 लाख हड़पे

बिलासपुर । संवाददाता: बिलासपुर के समाधान नर्सिंग होम की संचालक डॉ. गौरी दत्त ने 5 नवंबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2019-20 में उनके बेटे स्नेहाशीष दत्त ने अमरावती से एमबीबीएस पूरा किया था, जिसके बाद वे उसे एमडी रेडियोलॉजी में दाखिला दिलाना चाहते थे. इस सिलसिले में परिवार कोलकाता गया था, जहां उनकी मुलाकात इनफिनिटी एकेडमी के संचालक निर्मल्या नाग से हुई. 

आरोपी ने कई मेडिकल संस्थानों में अपनी पहुंच का दावा करते हुए 1.40 करोड़ रुपए के कुल पैकेज पर नेपाल में सीट दिलाने की बात कही. 21 फरवरी 2020 को आरोपी ने पत्र भेजकर दाखिला पक्का होने की जानकारी दी और 5 लाख रुपए चेक से लिए, जिसके बाद 25 लाख रुपए डेवलपमेंट फीस के नाम पर मांगे गए. 

14 अगस्त 2020 को काठमांडू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन से जुड़ा एक प्रोविजनल एडमिशन लेटर भी भेजा गया, लेकिन बेटे को प्रवेश नहीं मिला.

इसके बाद आरोपी ने 18 अगस्त 2020 को खुद ही पत्र भेजकर यह दावा कर दिया कि छात्र ने स्वयं अपना दाखिला रद्द कराया है. आरोपी ने 2 लाख रुपए काटकर शेष 26 लाख रुपए दिसंबर 2020 तक लौटाने का वादा किया. इसके बाद जनवरी और मई 2021 में भी 90 दिनों में पैसे वापस करने का पत्र दिया गया, लेकिन रकम वापस नहीं की गई. 

आरोपी द्वारा जारी किए गए कई चेक बिलासपुर के बैंकों में लगाने पर खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो गए. आरोपी ने 16 अगस्त 2021 से 6 दिसंबर 2025 के बीच 39 किश्तों में कुल 13.75 लाख रुपए ही वापस लौटाए, लेकिन 8 अप्रैल 2024 के बाद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया. बाकी बची रकम के लिए दिए गए चेक भी लगातार बाउंस होते रहे.

इस मामले में टीआई रविशंकर तिवारी ने बताया कि आरोपी निर्मल्या नाग का कार्यालय कोलकाता के कालीदास पट्टिटुंडी लेन, हाजरा क्रॉसिंग स्थित इनफिनिटी हाउस में संचालित होता था. चूंकि वित्तीय लेनदेन और मुख्य घटनास्थल कोलकाता का है, इसलिए बिलासपुर के सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत शून्य पर मामला दर्ज कर लिया है. 

अब आगे की वैधानिक कार्रवाई और विस्तृत जांच के लिए केस डायरी संबंधित कालीघाट थाना, जिला कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को सौंप दी गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
PM Modi- Bastar Diwali
छत्तीसगढ़

सशस्त्र माओवादी ढेर, पर राजनीतिक दलों में घुसे 'दिमागी नक्सल': PM नरेंद्र मोदी

15 घंटे पहले

जशपुर में 5 साल के बालक की हत्या
छत्तीसगढ़

जशपुर: 5 साल के मासूम जितेंद्र की निर्मम हत्या, गड्ढे में मिला शव

15 घंटे पहले

PM Modi- Bastar Diwali
छत्तीसगढ़

सही नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से माओवादी आतंक का खात्मा- PM मोदी

21 घंटे पहले

पीएम मोदी- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़

पीएम मोदी बस्तर में मनाएंगे दिवाली, सुरक्षा बलों के साथ खास उत्सव

23 घंटे पहले

विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की- रायगढ़
छत्तीसगढ़

रायगढ़: गाड़ी की चाहत ने ली विवाहिता की जान, 2 लाख के दहेज के लिए महिला ने की आत्महत्या

एक दिन पहले

जिला उपभोक्ता आयोग- रायपुर
छत्तीसगढ़

बैंक लॉकर से चोरी: उपभोक्ता अदालत ने SBI को माना जिम्मेदार, पीड़ित को मिलेगा मुआवजा

एक दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP