छत्तीसगढ़ में नये मंत्रियों के विभागों का बंटवारा
नये मंत्रियों के साथ विभागों का बंटवारा
रायपुर | संवाददाताः मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को सुबह मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद दोपहर तक मंत्रियों को विभाग भी सौंप दिए. पुराने मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल किया गया है.
नए मंत्री गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग सौंपा गया है. वहीं गुरु खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.
राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग सौंपा गया है. जबकि सीएम साय ने अपने पास रखे आबकारी विभाग का प्रभार मंत्री लखनलाल देवांगन को सौंप दिया है. मंत्री केदार कश्यप को परिवहन विभाग का जिम्मा दिया गया है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. सुस्पष्ट कार्य विभाजन एवं दायित्व के साथ मेरे कैबिनेट के सहयोगीगण नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने तैयार हैं. सभी मंत्रीगण प्रदेश की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देने, हमारे संकल्पों की सिद्धि कर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने, विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में अपना योगदान देने समूची प्रतिबद्धता के साथ तैयार हैं.
मंत्रियों के विभाग
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय- सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, जल संसाधन, विमानन, सुशासन एवं अभिसरण , इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी , जन शिकायत एवं निवारण.
अन्य विभाग (जो किसी मंत्री को आबंटित नहीं हुआ हो)
उप मुख्यमंत्री अरुण साव- लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी , नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद एवं युवा कल्याण.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा- गृह एवं जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग.
रामविचार नेताम- आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन , पशुधन विकास.
दयालदास बघेल- खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग.
केदार कश्यप- वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन , सहकारिता , संसदीय कार्य.
लखनलाल देवांगन- वाणिज्य एवं उद्योग , सार्वजनिक उपक्रम , वाणिज्यिक कर (आबकारी ) श्रम.
श्याम बिहारी जायसवाल- लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास ,बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन.
ओ.पी चौधरी- वित्त, वाणिज्यिक कर (आबकारी को छोड़कर ) आवास एवं पर्यावरण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग.
लक्ष्मी राजवाड़े- महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग.
टंकराम वर्मा- राजस्व एवं आपदा प्रबंधन , पुनर्वास , उच्च शिक्षा.
गजेन्द्र यादव - स्कूल शिक्षा , ग्रामोद्योग, विधि और विधायी कार्य.
गुरू खुशवंत साहेब- कौशल विकास , तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास.
राजेश अग्रवाल- पर्यटन एवं संस्कृति , धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व.