रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

चित्रकोट पर्यटन स्थल नाका को लेकर विवाद, ग्रामीणों का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के बस्तर में चित्रकोट पर्यटन स्थल में नाके को लेकर विवाद

C

CG Khabar

20 मई 2025, 08:02 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

चित्रकोट पर्यटन स्थल बस्तर
चित्रकोट पर्यटन स्थल बस्तर

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में स्थित प्रसिद्ध चित्रकोट पर्यटन स्थल में बने नाका को लेकर ग्राम समिति और प्रशासन के बीच जमकर बवाल हुआ. लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के एसडीएम नीतीश वर्मा ने ग्राम समिति द्वारा संचालित पर्यटन केंद्र में बने नाका को अवैध बताते हुए इसे सील कर दिया है.


दरअसल गांव के लोगों की एक समिति इस नाके का संचालन करती है. चित्रकोट पर्यटन स्थल घूमने आने वाले पर्यटकों से वाहन प्रवेश और पार्किंग के नाम पर समिति द्वारा लंबे समय से शुल्क वसूला जाता रहा है.

विज्ञापन


एसडीएम ने उक्त समिति को अवैध करार देते हुए नाका को ही सील कर दिया, जिसके बाद आक्रोशित नाका समिति ने गांव के सरपंच भंवर मौर्य के नेतृत्व में मारडूम चौक में चित्रकोट मार्ग को जाम करते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीण कई घंटे तक धरने पर बैठे रहे और एसडीएम के खिलाफ नारे लगाते दिखे.

एसडीएम पर द्वेष भावना के तहत कार्यवाही का आरोप

गांव के सरपंच भंवर मौर्य का कहना है कि मार्च महीने में ही ग्राम सभा कर नई समिति को नाका की जिम्मेदारी दी गई थी.


जबकि पुरानी समिति द्वारा वाहन पार्किंग शुल्क के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया गया, लेकिन पुरानी समिति पर कोई कार्यवाही न करते हुए नई समिति के कार्य पर प्रतिबंध लगाने का काम प्रशासन द्वारा किया जा रहा है.


गांव के सरपंच भंवर मौर्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि लोहंडीगुड़ा एसडीएम नीतीश वर्मा के मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था समिति द्वारा नहीं किए जाने के चलते उन्होंने गुस्से में आकर 2 घंटे के भीतर नोटिस जारी किया और नाका को समिति के द्वारा खाली करने के आदेश दिए.


एसडीएम द्वारा द्वेष भावना से नाका को जबरन सील करने का आरोप सरपंच ने लगाया है.


चित्रकोट मार्ग पर ग्रामीणों ने किया घण्टों तक जाम

तकरीबन 5 घंटे तक समिति के सदस्य कड़ी धूप में सड़क के बीचों बीच प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे. इस दौरान चित्रकोट घूमने आए पर्यटक भी सड़क जाम होने की वजह से परेशान होते दिखे. 


मौके पर लोहंडीगुड़ा एसडीएम नीतीश वर्मा तहसीलदार कैलाश पोयाम, एसडीओपी ईश्वर त्रिवेदी, लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार बैगा प्रदर्शन कर रहे लोगों को मनाते रहे, लेकिन बात नहीं बनी.


जिसके बाद एसडीएम के आदेश पर सख्ती दिखाते पुलिस को बल प्रयोग कर सड़क से ग्रामीणों को हटाने का आदेश दिया गया.


पुलिस कर्मियों ने देखते ही देखते महज कुछ मिनट में ही प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर लोहंडीगुड़ा थाने पहुंचा दिया.


एसडीएम ने आरोपों को बताया निराधार 

इधर अपने ऊपर लगे आरोपों पर एसडीएम नीतीश वर्मा ने कहा कि पर्यटन स्थल में नाका का संचालन गैर कानूनी तरीके से किया जा रहा था.


इस मामले में उनके पास शिकायत की गई थी. वर्तमान समिति को उन्होंने सूचना भी दी और समिति पंजीकृत भी नहीं थी.


कथित तौर पर जिस ग्राम सभा में नई समिति को नाका संचालन का आदेश दिया गया, उस ग्राम सभा में महज 25 लोगों के ही दस्तखत हैं.


इनमें से अधिकतर समिति संचालक हैं. एसडीएम ने कहा कि नाका समिति के द्वारा देश दुनिया से चित्रकोट पर्यटन स्थल घूमने आने वाले पर्यटकों से वाहन पार्किंग के नाम पर ज्यादा पैसों की वसूली की जा रही है.


इसके चलते पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं. शिकायत मिलने पर ही इस तरह की कार्रवाई की गई है.


वहीं उन पर लगे आरोपों को उन्होंने निराधार बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ उनके उच्च अधिकारी से ग्रामीण शिकायत दर्ज कर सकते हैं. ग्रामीणों ने सड़क में बैठकर धरना प्रदर्शन किया, जिसके बाद ही उन्हें बलपूर्वक सड़क से हटाया गया. फिलहाल सभी को मुचलके पर रिहा करते हुए नाका को सील कर दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP